कतरास: बीसीसीएल एरिया-1 में चल रहे कोयला परिवहन कार्य में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। रविवार देर रात संजय उद्योग आउटसोर्सिंग कंपनी की एक वॉल्वो गाड़ी बिना किसी परमिशन, बिना वैध कागजात और बिना जीपीएस लगाए फेस से कोयला लोड कर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी।
चेकपोस्ट पर सीआईएसएफ और बीसीसीएल कर्मियों ने गाड़ी को दबोच लिया। गाड़ी से न तो कोई दस्तावेज मिला और न ही अनिवार्य जीपीएस सिस्टम। इससे साफ संकेत मिलता है कि वाहन संदिग्ध गतिविधि में शामिल था। सीआईएसएफ ने तुरंत गाड़ी को जब्त कर कड़ी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वाहन संजय उद्योग कंपनी का है, जिसे आउटसोर्सिंग परियोजना में कोयला ढुलाई का ठेका मिला हुआ है।
बीसीसीएल ने लिया संज्ञान, कंपनी को 72 घंटे में जवाब दो नोटिस
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीएल प्रबंधन ने इस गंभीर लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कंपनी को नोटिस जारी किया है और 72 घंटे के भीतर पूरी रिपोर्ट और स्पष्टीकरण देने को कहा है। प्रबंधन ने पूछा है कि इतनी बड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिना परमिशन और बिना जीपीएस कोयला कैसे बाहर जा रहा था।
कोयला चोरी रोकने में बड़ी पकड़
कोयला माफिया की सक्रियता और चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच इस वाहन की पकड़ बीसीसीएल और सीआईएसएफ की बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि ऐसे कई वाहन पिछले दिनों बिना रिकॉर्ड के निकल चुके होंगे। कड़ी कार्रवाई तयजांच पूरी होने के बाद दोषी अधिकारी, कर्मी और संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है। फिलहाल वॉल्वो वाहन सीआईएसएफ की अभिरक्षा में है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।


