ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

मेदिनीनगर में बाबा और बाबू की राह में एक मुस्लिम प्रत्याशी बन सकते हैं रोड़ा, कौन होगा नगर निगम का अगला मेयर?

मेदिनीनगर: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना भले अभी जारी नहीं हुई हो, लेकिन मेदिनीनगर नगर निगम का राजनीतिक तापमान लगातार चढ़ता जा रहा है। संभावित प्रत्याशियों ने अभी से ही जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

छठ महापर्व ने मानो इस बार की चुनावी जंग की शुरुआती घंटी बजा दी है। पर्व के मौके पर सभी दावेदारों ने पोस्टर-बैनर लगाने, प्रसाद वितरण और पूजा सामग्री बांटने के जरिये अपनी उपस्थिति दर्ज करानी शुरू कर दी है। शहर के लगभग हर चौक-चौराहे, घाट और मुख्य सड़कों पर प्रत्याशियों के बड़े-बड़े होर्डिंग्स नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोग खुद कह रहे हैं, इतने पोस्टर तो पिछले पाँच साल में नहीं लगे, जितने इस बार छठ में लग गए हैं।

मेदिनीनगर के मतदाता इस बार पूरी तरह बदले हुए मूड में नजर आ रहे हैं। जनता का कहना है कि अब “ध्रुवीकरण या जात-पात नहीं, बल्कि विकास, सफाई और सड़क-जाम से मुक्ति” जैसे मुद्दे ही निर्णायक होंगे। लोग अब ऐसे जनप्रतिनिधियों को चाहते हैं जो काम करने वाला हो, न कि सिर्फ चुनावी समय में दिखने वाला चेहरा।

मेदिनीनगर की राजनीति में दो पारंपरिक गुट — ‘बाबा’ (ब्राह्मण) और ‘बाबू’ (राजपूत) — वर्षों से हावी रहे हैं।हालांकि, पिछली बार इस समीकरण को बैकवर्ड वर्ग की उम्मीदवार अरुणा शंकर ने तोड़ दिया था। अरुणा शंकर ने सबको चौंकाते हुए महापौर की कुर्सी जीत ली थी, जिससे “बाबा-बाबू” का दशकों पुराना वर्चस्व हिल गया था। इस बार भी मुकाबला तीन ध्रुवों में बंटा दिखाई दे रहा है —बाबा बनाम बाबू बनाम बैकवर्ड,लेकिन इस बार एक नया ‘वाइल्ड कार्ड’ भी मैदान में है मुस्लिम प्रत्याशी।

मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में मुस्लिम आबादी का प्रतिशत काफी मजबूत माना जाता है। अनुमान है कि शहर के आधे से अधिक वार्डों में मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। अब तक बाबा और बाबू गुटों को मुस्लिम समाज का समर्थन मिलता रहा है, लेकिन इस बार समीकरण बदलते दिख रहे हैं।

झामुमो के जिला उपाध्यक्ष सानू सिद्दीकी ने महापौर पद की दावेदारी के संकेत देकर हलचल मचा दी है। सानू सिद्दीकी मुस्लिम समाज के प्रभावशाली और लोकप्रिय चेहरे माने जाते हैं, खासकर 15 वार्डो से अधिक इलाकों में उनकी मजबूत पकड़ बताई जाती है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर सानू सिद्दीकी आधिकारिक रूप से मैदान में उतरते हैं, तो “बाबा” और “बाबू” दोनों खेमों की राह आसान नहीं रहने वाली।

ब्राह्मण समाज के भीतर इस बार एकजुटता के बजाय गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। संभावित उम्मीदवारों में दीपक तिवारी, धनंजय त्रिपाठी, सुनील तिवारी, निर्मला तिवारी और परशुराम ओझा जैसे नाम प्रमुख हैं। हर कोई खुद को जनता का असली प्रतिनिधि बताकर घर-घर प्रचार में जुटा है। विश्लेषकों का कहना है कि अगर बाबा समाज एकजुट होकर एक ही प्रत्याशी उतारे, तो मुकाबले को एकतरफा किया जा सकता है। लेकिन अधिक उम्मीदवारों के उतरने से वोटों का बिखराव तय है।

राजपूत समाज यानी “बाबू वर्ग” की राजनीति मेदिनीनगर में सदैव प्रभावशाली रही है। कभी यह सीट राज परिवार का गढ़ मानी जाती थी, लेकिन अब उस पहचान को वापस पाने की जंग छिड़ी है। इस वर्ग से प्रमुख नाम हैं ,सुरेंद्र सिंह और उनकी पुत्रवधू पूनम सिंह, जो अपने पुराने राजनीतिक आधार को पुनः जीवित करने की कोशिश में हैं। इसके अलावा मनोज सिंह, जो स्व. विधायक विदेश सिंह के भतीजे और पूर्व विधायक बिट्टू सिंह के चचेरे भाई हैं, मनोज सिंह नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए अपनी पकड़ मजबूत की थी।मंगल सिंह और मनोज सिंह के बीच इस बार कड़ी टक्कर बताई जा रही है। बाबू समाज के भीतर “पुराने बनाम नए चेहरों” की खींचतान भी चर्चा में है। अगरबाबू समाज एकजुट होकर एक ही प्रत्याशी उतारे, तो मुकाबले में दूर-दूर तक कोई नजर नहीं आएंगे।

बैकवर्ड वर्ग, जिसमें वैश्य और ओबीसी समुदाय आते हैं, इस बार खुद को “किंगमेकर” नहीं बल्कि “किंग” साबित करने के मूड में है। वर्तमान महापौर अरुणा शंकर फिर से सक्रिय हो गई हैं। उनके अलावा अविनाश देव, विधायक प्रतिनिधि ट्विंकल गुप्ता और जुगल किशोर जैसे नाम भी सुर्खियों में हैं। राजनीतिक गणित कहता है कि अगर बैकवर्ड वर्ग एकजुट रहा, तो चुनावी तस्वीर पूरी तरह पलट सकती है, क्योंकि इस वर्ग की हिस्सेदारी नगर निगम के लगभग हर वार्ड में है।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.