लोहरदगा। नगर परिषद चुनाव से पहले लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी में अंदरूनी विवाद सामने आ गया है। पार्टी अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में जिला कांग्रेस ने विशाल डुंगडुंग और सतीश रंजन उरांव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इस संबंध में जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने 8 फरवरी 2026 को पत्र जारी किया।जिला अध्यक्ष के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर उम्मीदवारों का चयन जिला राजनीतिक मामलों की समिति की सहमति से किया जाना था और गैर-अधिकृत उम्मीदवारों को नाम वापस लेने को कहा गया था।
निर्देशों का पालन नहीं करने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। वहीं, निलंबन के बाद प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव विशाल डुंगडुंग ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पीएसी बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कारण बताओ नोटिस देर से भेजा गया और उनके साथ अन्याय किया गया है।
