
पलामू: नगर निगम चुनाव को लेकर क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 12 से पार्षद प्रत्याशी अनुराग प्रताप सिंह ने आज सैकड़ों समर्थकों के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अनुराग प्रताप सिंह ने वार्ड 12 की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह वार्ड वर्षों से उपेक्षा का शिकार रहा है और यहां की बुनियादी सुविधाएं बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। वर्षों से लोगों को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है, इसके बावजूद भारी-भरकम पानी के बिल भेजे जा रहे हैं, जो जनता के साथ सीधा अन्याय है।
अनुराग प्रताप सिंह ने कहा कि चेयरमैन रोड सहित वार्ड की कई गलियों में नालियां जाम पड़ी हैं। सड़कों पर कचरे का अंबार लगा रहता है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला, तो पहली ही बोर्ड बैठक में वार्ड 12 से जुड़े सभी अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। बिना जलापूर्ति के भेजे गए पुराने पानी के बिलों को माफ कराने के लिए ठोस पहल की जाएगी।
साथ ही पारदर्शी व्यवस्था के तहत मीटर के साथ नए पानी के कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। नालियों के पुनर्निर्माण और बेहतर जल निकासी व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगी।
अंत में उन्होंने कहा,“मैं एक नई सोच और ईमानदार इरादों के साथ मैदान में उतरा हूं। मेरा लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड 12 की तस्वीर और तक़दीर बदलना है। आने वाले पांच वर्षों तक मैं 24 घंटे अपने वार्ड की जनता की सेवा के लिए समर्पित रहूंगा।”

