मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा होते ही पलामू जिला कांग्रेस कमेटी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष बिमला कुमारी की अध्यक्षता में रणनीतिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रखंड व मंडल अध्यक्ष, जिला राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य एवं पार्टी के कई अनुभवी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला प्रभारी विनय सिन्हा दीपू और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट और सक्रिय रहकर चुनाव मैदान में उतरने की अपील की।
कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी नगर निकाय चुनाव में पूरी मजबूती के साथ हिस्सा लेगी। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कहा कि टिकट उन्हें ही दिया जाएगा जो संगठन के प्रति निष्ठावान, कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े और जनता के सवालों के प्रति संवेदनशील हों।
29 जनवरी तक मांगे गए आवेदन
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक नगर निकाय एवं वार्ड में मजबूत दावेदारी सुनिश्चित करने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे 29 जनवरी को अपराह्न 1 बजे तक अपना आवेदन जिला कांग्रेस कार्यालय में जमा करें। समय पर प्राप्त आवेदनों के आधार पर उम्मीदवारों का चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं—दीनानाथ तिवारी, चंद्रशेखर शुक्ला, विजय चौबे, कामेश्वर तिवारी, मिथिलेश सिंह, रामदेव यादव, सुधीर चंद्रवंशी, लाल सूरज, मुकेश सिंह, गोपाल सिंह, टिकैत कुमार, सुधीर सिंह, रामानंद पाठक, गोपाल प्रसाद सिंह, परवेज़ आलम, अमिताभ शर्मा, संजीव सिंह रिंकू, सच्चिदानंद शुक्ला, प्रमोद यादव, विवेका त्रिपाठी, शहजाद अली सहित कई लोग मौजूद थे।

