लातेहार। विधायक प्रकाश राम ने गुरुवार को बालुमाथ प्रखंड कार्यालय के सभागार में जनता दरबार लगाया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएँ लेकर पहुंचे। सुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें जमीन विवाद से जुड़ी रहीं।विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पिछले जनता दरबार में आए आवेदनों की प्रगति की भी समीक्षा की।दिरीदाग के अवधेश पासवान ने 200 एकड़ फॉरेस्ट भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। वहीं दुखी देवी ने आरोप लगाया कि उनके साथ धोखे से जमीन की रजिस्ट्री में गड़बड़ी की गई। इस पर विधायक ने कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन हटाने का मामला भी सामने आया, जिस पर बिजली विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा हाईवा परिचालन पर नो-एंट्री लागू करने तथा जमीन म्यूटेशन गड़बड़ी से जुड़े मामले भी रखे गए।कार्यक्रम में बीडीओ सोमा उराँव, अंचल अधिकारी बालेश्वर राम सहित कई पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


