रांची। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में गोवा से गिरफ्तार छत्तीसगढ़ का शराब कारोबारी नवीन केडिया जमानत अवधि समाप्त होते ही फरार हो गया है। उसकी तलाश में झारखंड एसीबी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में छापेमारी की।
एसीबी की टीम ने छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से नेहरू नगर स्थित आवास और कुम्हारी स्थित उसकी शराब फैक्ट्री पर छापामारी की, लेकिन केडिया का कोई सुराग नहीं मिल सका। नवीन केडिया छत्तीसगढ़ डिस्टिलरी का संचालक है। उसे 8 जनवरी को गोवा के कैलेंगुएट थाना क्षेत्र में एक स्पा सेंटर से गिरफ्तार किया गया था।
9 जनवरी को उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए तिसवाड़ी कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ अदालत ने 12 जनवरी तक सशर्त जमानत दी थी। जमानत अवधि खत्म होने पर उसे एसीबी रांची में केस संख्या 09/2025 के अनुसंधान पदाधिकारी के सामने उपस्थित होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ।
इस बीच उसने अपने अधिवक्ता के माध्यम से विशेष अदालत में नियमित जमानत की अर्जी दे दी और लापता हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दुर्ग में की जा रही छापेमारी की पुष्टि की है। फिलहाल एसीबी को केडिया का कोई पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।


