
रांची। राजधानी रांची में ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इसी आरोप की जांच और साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए एयरपोर्ट थाना की पुलिस शनिवार को भारी संख्या में ईडी कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल की।
सूत्रों के मुताबिक, पेयजल विभाग में तैनात क्लर्क संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि ईडी दफ्तर में पूछताछ के दौरान उसके साथ बर्बरता की गई। शिकायत के अनुसार, पूछताछ के नाम पर उसे लगातार दबाव में रखा गया और बात न मानने पर मारपीट की गई, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को लेकर संतोष कुमार की ओर से एयरपोर्ट थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि 12 जनवरी को ईडी कार्यालय में पूछताछ के दौरान अधिकारी प्रतीक और शुभम ने कथित तौर पर जुर्म कबूल कराने के लिए उसके साथ मारपीट की।
पुलिस अब उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।


