
जामताड़ा। देशभर में साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा में ठगों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि अब वे जिला उपायुक्त तक को निशाना बना रहे हैं। जामताड़ा के डीसी रवि आनंद के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है।
उपायुक्त ने लोगों को चेतावनी दी है कि उनके नाम से आने वाली किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट या मैसेज को तुरंत अस्वीकार करें। यदि फर्जी अकाउंट से धन की मांग हो, तो उसे नजरअंदाज करें और तुरंत साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं।
डीसी ने इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय को फर्जी अकाउंट संचालित करने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।गौरतलब है कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर अधिकारियों और परिचितों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को ठगने का नया तरीका अपना रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि सतर्कता ही ऐसे अपराधों से बचने का सबसे कारगर तरीका है।


