बोकारो। बोकारो पुलिस ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही शहर के कुख्यात चोर बबलू राम उर्फ भाटिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक लैपटॉप समेत चोरी के कई सामान बरामद किए गए हैं।
बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह को 5 जनवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि बबलू राम उर्फ भाटिया शहर में किसी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यवहार न्यायालय, बोकारो परिसर के बाहर घूम रहे आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान बबलू राम उर्फ भाटिया ने शहर में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र लगभग 30 वर्ष है और वह कथारा, बोकारो का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से लेनेवो कंपनी का एक लैपटॉप, चार्जर, चांदी की नौ जोड़ी पायल, ताला और अलमीरा तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का औजार जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, बबलू राम उर्फ भाटिया का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चंद्रपुरा, दुग्धा, बीटीपीएस और पिंड्राजोरा थाना क्षेत्रों में चोरी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में बी.एस. सिटी थाना में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।


