रांची। राज्य में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए झारखंड सरकार ने एहतियाती कदम उठाया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 6 से 8 जनवरी तक राज्य के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
यह आदेश प्री-नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। विभाग की अपर सचिव सीता पुष्पा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि में सरकारी स्कूलों के शिक्षक और कर्मी स्कूल आएंगे, लेकिन उनसे शैक्षणिक कार्य नहीं, केवल गैर-शैक्षणिक कार्य कराए जाएंगे।
यदि इस दौरान किसी स्कूल में प्री-बोर्ड परीक्षा प्रस्तावित है, तो उसे कराने या स्थगित करने का निर्णय सक्षम प्राधिकार अपने विवेक से ले सकेगा। इससे पहले रांची जिला प्रशासन ने भी 6 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया था। अब राज्य सरकार के फैसले से पूरे झारखंड में एक समान व्यवस्था लागू हो गई है।
सरकार के इस निर्णय से ठंड और कोहरे के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और छात्रों को बड़ी राहत मिली है।


