ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

पलामू में बनेगा जी+6 आधुनिक पुलिस कॉम्प्लेक्स, एक परिसर में संचालित होंगे चार विशेष थाने

पलामू: जिले में पुलिस व्यवस्था को सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल होने जा रही है। आगामी माह से सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन बाइपास के समीप छह मंजिला अत्याधुनिक पुलिस भवन का निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इस बहुमंजिला भवन पर करीब 17.63 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

प्रस्तावित जी प्लस-6 पुलिस भवन में जिले के चार प्रमुख विशेष थानों को एक ही परिसर में स्थापित किया जाएगा। इसमें साइबर थाना, महिला थाना, अनुसूचित जाति–अनुसूचित जनजाति (एससी–एसटी) थाना तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट शामिल हैं। अलग-अलग स्थानों पर संचालित इन इकाइयों को एक छत के नीचे लाने से पुलिस कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और समन्वित हो सकेगी।

भवन के पहले तल पर साइबर थाना, दूसरे तल पर महिला थाना, तीसरे तल पर एससी–एसटी थाना और चौथे तल पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट संचालित की जाएगी। ऊपरी तलों में कार्यालय एवं आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पीड़ितों को मिलेगा एक ही जगह समाधान

इस बहुउद्देश्यीय पुलिस कॉम्प्लेक्स के निर्माण से आम लोगों, विशेषकर पीड़ितों को बड़ी राहत मिलेगी। विभिन्न प्रकार की शिकायतों के लिए अलग-अलग थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक ही परिसर में सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होने से मामलों की सुनवाई और निष्पादन की प्रक्रिया भी तेज होगी। साथ ही, भूमि के बेहतर उपयोग और संसाधनों की बचत भी सुनिश्चित होगी।

फिलहाल जिले में साइबर थाना जिला स्कूल के विज्ञान भवन में, महिला थाना शहर थाना परिसर में, जबकि एससी–एसटी थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट सदर थाना परिसर से संचालित हो रहे हैं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन

प्रस्तावित पुलिस भवन में आधुनिक कार्यालय कक्ष, बैठक कक्ष, रिकॉर्ड रूम, गोपनीय शाखा, महिला एवं पुरुष हाजत, कैंटीन तथा थाना प्रभारी कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे परिसर का विकास किया जाएगा और चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण भी होगा। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

निविदा प्रक्रिया पूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण

भवन निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और कार्यादेश रांची स्थित एक संवेदक को दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक भूमि भी उपलब्ध करा दी गई है। संवेदक ने अगले महीने से निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी जता दी है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड राज्य के आठ जिलों में इस प्रकार के बहुमंजिला पुलिस भवनों का निर्माण करा रहा है, जिनमें पलामू जिला भी शामिल है। यह परियोजना जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.