रांची: झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव इस बार ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह अहम फैसला ईवीएम उपलब्ध न होने की वजह से लिया है। आयोग के मुताबिक चुनाव दिसंबर से जनवरी के बीच कराए जाने की तैयारी है, जबकि इसकी आधिकारिक तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
राज्य में कुल 49 नगर निकायों में चुनाव होने हैं, जिनमें 9 नगर निगम, 18 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने बताया कि ईवीएम बनाने वाली कंपनी ने नई मशीनें उपलब्ध कराने के लिए लगभग एक वर्ष का समय मांगा है। वहीं, राज्य में मौजूद पुरानी ईवीएम की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी है और अन्य राज्यों से भी मशीनें उपलब्ध नहीं हो सकीं। इसी कारण बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है।
आयोग के अनुसार चुनाव को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। अध्यक्ष पद और वार्ड सदस्य के लिए अलग-अलग रंग के बैलेट पेपर होंगे। प्रत्येक मतदाता को दो बैलेट पेपर दिए जाएंगे, जिन्हें अलग-अलग बैलेट बॉक्स में डालना होगा। चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में बैलेट बॉक्स पहले से उपलब्ध हैं, जिनकी रंगाई-पुताई और मरम्मत का कार्य जारी है।
इसके अलावा, इस बार बैलेट पेपर की छपाई रांची में ही कराई जाएगी, जबकि पूर्व में यह कार्य कोलकाता में होता था। इसके लिए प्रिंटिंग प्रेस के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने भरोसा दिलाया है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नगर निकाय चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।

