कतरास : मंगलवार सुबह तकरीबन 8:00 बजे श्यामडीह गोपालपुर मुस्लिम बस्ती मजार के समीप धनबाद-गोमोह रेलवे लाइन के समीप पोल संख्या 286/28F और 286/30F के बीच एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने से कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रेल लाइन पर कार्यरत मजदूरों के द्वारा घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी एवं कतरास थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची।
लाश के पास किसी प्रकार का पहचान पत्र नहीं मिलने से शुरुआती जांच में पुलिस को दिक्कतें आईं। स्थानीय ग्रामीण भी शव की पहचान नहीं कर पा रहे थे। इसी बीच सब्जी बेचने वाली एक महिला ने लाश देखकर इसकी जानकारी बगल के गांव के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे दो युवकों ने शव की पहचान कोड़ाडीह निवासी रितेश रजवार (26) के रूप में की।
मृतक के पिता का नाम हुबलाल रजवार है। मृतक के फुफेरा भाई कैलाश रजवार ने बताया कि रितेश दैनिक मजदूरी के साथ साथ पढ़ाई भी करता था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता था। वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही बिलख बिलख कर रोने लगे। मृतक के रिश्तेदार कैलाश रजवार ने बताया कि रितेश रोज निचितपुर स्टेशन से ट्रेन पकड़कर मजदूरी के लिए जाता था। मंगलवार सुबह भी वह घर से काम पर निकल गया था, लेकिन कुछ ही घंटे बाद उसकी मौत की खबर गांव तक पहुंच गई।
मृतक ब्लू रंग का पजामा व ऊपर आए मेरुन रंग का जैकेट पहना हुआ था। मृतक के चहरे पर खून लगा हुआ था। एक पैर टूटा हुआ प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। घटना कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


