रांची। गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में शनिवार देर रात हुए भयावह हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। क्लब के किचन एरिया में गैस सिलेंडर फटने के बाद लगी आग ने चंद मिनटों में ही पूरी जगह को घने धुएं से भर दिया। बाहर निकलने का रास्ता न मिल पाने के कारण 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं।
मृतकों में झारखंड के तीन युवक भी शामिल हैं। रांची के फतेहपुर गांव के दो सगे भाई—प्रदीप महतो (24) और विनोद महतो (22)—और खूंटी जिले के गोविंदपुर गांव के मोहित मुंडा (22) वहीं नौकरी करते थे। आग लगने के वक्त तीनों किचन या सर्विस सेक्शन में मौजूद थे। क्लब में लगभग 100 लोग थे और ज्यादातर मौतें दम घुटने से हुईं।
घटना के बाद क्लब मालिक सौरभ लूथरा और मैनेजर पर लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि क्लब में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी की गई थी और संकरी सड़क होने के कारण दमकल को साइट तक पहुँचने में देर लगी।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और राज्य के सभी नाइट क्लबों का सेफ्टी ऑडिट कराने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना को अत्यंत दुखद बताया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इधर झारखंड के तीनों युवकों के घरों में कोहराम मचा है। प्रदीप और विनोद के पिता धनेश्वर महतो सदमे से बेहोश हो गए। झारखंड प्रशासन लगातार गोवा अधिकारियों से संपर्क में है। पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शवों को सोमवार या मंगलवार तक रांची लाया जा सकता है।

