रांची में आज का दिन राजनीतिक हलचल से भरा रहने वाला है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन की कथित अवहेलना से जुड़े बहुचर्चित मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शनिवार दोपहर 2 बजे एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश होना है।
इससे पहले झारखंड हाई कोर्ट ने 6 दिसंबर को इस प्रकरण पर सुनवाई करते हुए मुख्यमंत्री को स्पष्ट रूप से अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने यह भी कहा था कि आज की पेशी के बाद आगे की तिथियों पर उन्हें व्यक्तिगत हाजिरी से छूट दी जा सकती है।
राज्य की राजनीति में इस सुनवाई को लेकर जबरदस्त चर्चा है। सीएम की पेशी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है, वहीं कानूनी जानकारों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आज अदालत में क्या रुख सामने आता है।
मामला ईडी समन के पालन न करने से जुड़ा है, जिसमें एजेंसी ने कई बार उपस्थित होने का नोटिस भेजा था। अब इस पूरे घटनाक्रम पर आज की अदालत की कार्यवाही काफी अहम मानी जा रही है।


