रांची। झारखंड में सियासी हलचल के बीच विधानसभा सत्र से ठीक पहले हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायकों ने कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के प्रति नाराज़गी जताई। विधायकों ने साफ कहा कि “जब मंत्री हमारी बात ही नहीं सुनते, तो जनता के काम कैसे होंगे?”
बैठक में प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप यादव मौजूद थे। कई विधायकों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं गिनाईं और कहा कि उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।प्रदेश प्रभारी ने मंत्रियों को हिदायत दी कि वे विधायकों की बातों को प्राथमिकता से सुनें और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने विवाद से इनकार करते हुए कहा कि चर्चा सामान्य विषयों पर हुई और विधायकों को अपने क्षेत्रों के जनसरोकार से जुड़े मुद्दे सत्र में मजबूती से उठाने को कहा गया।


