रांची :झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने आज (28 नवंबर) अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ राज्यस्तरीय समारोह के साथ मनाई। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “झारखंडवासियों की अपनी सरकार ने एक वर्ष पूरा किया है। इस शुभ अवसर पर हमारे हजारों नौजवानों को सरकारी नौकरी की सौगात दी जा रही है। सभी को हार्दिक बधाई और जोहार।”
सीएम का संदेश – “झारखंड की अबुआ सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने को प्रतिबद्ध”
वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट जारी कर राज्यवासियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा—“जोहार! झारखंड की अबुआ सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण हुआ। इस दौरान जनता की उम्मीदों और वादों को पूरा करने के लिए सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। सीएम ने अपनी पोस्ट में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रमुख प्रयासों का भी उल्लेख किया। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सम्मान राशि हर महीने सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य हो रहा है।सामाजिक सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और रोजगार को ध्यान में रखकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।


