मेदिनीनगर :शहर थाना क्षेत्र के छेछानी में बीते 18 नवंबर की रात घर में घुसकर की गई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस कांड में शामिल मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ राजू कुमार चंद्रवंशी सहित चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा रहा है।
घटना के संबंध में पीड़िता पूनम तिवारी के बयान पर शहर थाना में मामला दर्ज किया गया था। जांच के क्रम में पुलिस ने बंदुआ और चैनपुर क्षेत्र में छापेमारी कर मुख्य आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपी विशाल कुमार, सचिन कुमार और रोशन कुमार सिंह उर्फ करण को भी पकड़ा गया। गिरफ्तार विशाल पीड़िता के घर में किराए पर रहता था और ऑटो चालक का काम करता था।
पुलिस ने लूटे गए सामानों को भी बरामद कर लिया है। इसमें दो सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, दो सोने की चेन, एक सोने का लोकेट, पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और फाइबर से बनी नकली पिस्तौल शामिल है।
मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ राजू कुमार चंद्रवंशी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गढ़वा जिले में छह और पलामू के चैनपुर थाना में आर्म्स एक्ट सहित एक मामला दर्ज है। कुल मिलाकर उस पर सात आपराधिक मामले लंबित हैं, जिनमें चोरी, लूट, हथियार रखने और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।


