मेदिनीनगर: हैदरनगर हाई स्कूल के पास 1 नवंबर को हुई फायरिंग की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने महुअरी निवासी आकाश कुमार सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गोलू ने स्वीकार किया कि उसने लोहरपुरा के प्रिंस मेहता के कहने पर नीरज चंद्रवंशी पर गोली चलाई थी।
इसके बदले उसे 70 हजार रुपये देने की बात हुई थी।जानकारी के अनुसार, दो वर्ष पहले प्रिंस मेहता की चचेरी बहन ने आत्महत्या कर ली थी और उसके प्रेम प्रसंग को लेकर नीरज को जिम्मेदार माना गया था। इसी रंजिश में हमला कराया गया। वारदात में सुमित मेहता की संलिप्तता भी सामने आई है।
एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी की पैशन प्रो बाइक, कपड़े, जूते और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। गोलू के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में लूट व आर्म्स एक्ट का पुराना मामला भी दर्ज है।


