
बोकारो : डॉ. राज कुमार ने उपायुक्त अजय नाथ झा, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी और जिला स्थापना समिति के कुछ सदस्यों पर भ्रष्टाचार और नियम विरुद्ध स्थानांतरण का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को शिकायत पत्र भेजा है, जिसकी प्रतियां मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, कार्मिक विभाग, ACB और प्रमंडलीय आयुक्त को भी प्रेषित की गई हैं।
डॉ. राज कुमार का आरोप है कि पिछले 17 वर्षों से डीसी बोकारो के स्टेनो के रूप में कार्यरत संविदाकर्मी अजय कुमार के सहयोग से अधिकारियों ने अवैध वसूली कर बड़े पैमाने पर मनमाने स्थानांतरण किए।
17 नवंबर 2025 को जारी आदेश ज्ञापांक 818/स्था. में लिपिक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत सचिव, महिला पर्यवेक्षिका, चौकीदार और संविदा/बाह्य स्रोत के कर्मियों को एक साथ स्थानांतरित किया गया, जिसे नियम विरुद्ध बताया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, एक वर्ष के भीतर पांच बार (08.07.2024, 31.12.2024, 13.06.2025, 01.09.2025, 17.11.2025) स्थापना समिति की बैठक कर लगातार मनमानी तरीके से तबादले किए गए।
डॉ. राज कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि कई विवादित और आरोपित कर्मियों को “मलाईदार” पदों पर पुनः पदस्थापित किया गया है। राजेश कुमार पांडेय, जिनका नाम DMFT घोटाले और ₹51 लाख जब्ती मामले में जुड़ा है, उन्हें चास अंचल में पदस्थापन और DMFT का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।
मिथिलेश कुमार पाठक, आनंद भारती, अंज रानी समेत कई कर्मियों, जिनके खिलाफ अवैध जमाबंदी का मामला दर्ज है, को फिर से महत्वपूर्ण पदों पर बहाल किया गया।विधानसभा चुनाव के दौरान आरोपित बिजय कुमार को भी दोबारा स्थापना शाखा में भेजा गया।
इसके अलावा, कई ऐसे कर्मियों को भी पूर्व पदस्थापन स्थान पर वापस भेजा गया है जो वर्षों से एक ही जगह जमे थे या जिन पर गंभीर आरोप हैं।डॉ. राज कुमार ने सभी स्थानांतरण आदेशों पर रोक, विस्तृत जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत ई-मेल और स्पीड पोस्ट के माध्यम से राज्यपाल को भेजी है।

