
रांची: शहर में बिना रजिस्ट्रेशन और बिना परमिट-परमिशन के चल रहे ऑटो और टोटो वाहनों के खिलाफ बुधवार को यातायात पुलिस ने सख़्त रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक (यातायात), रांची को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 19 नवंबर को सभी यातायात थाना क्षेत्रों में विशेष टीम बनाकर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
सुबह से शुरू हुआ यह अभियान शाम तक जारी रहा, जिसमें दर्जनों स्थानों पर वाहनों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान कई वाहन आवश्यक कागजात के बिना सड़क पर चलते पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही नियम उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।
अभियान में हुई कार्रवाई इस प्रकार
• बिना रजिस्ट्रेशन वाले ऑटो : 00
• बिना परमिट वाले ऑटो : 09
• बिना रजिस्ट्रेशन वाले टोटो : 04
• बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाले टोटो चालक : 15
यातायात पुलिस ने बताया कि शहर में बिना वैध कागजात के वाहन चलाना दुर्घटनाओं और अव्यवस्था को बढ़ावा देता है, इसलिए ऐसे वाहनों पर अब और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।
यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि वाहनों का रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएँ, मान्य परमिट प्राप्त करें और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएँ, अन्यथा भविष्य में कड़ी कार्रवाई से बचना कठिन होगा। रांची यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


