पलामू : जिले के नीलांबर–पीतांबर प्रखंड में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और विभिन्न विभागों के स्टॉल भी अंतिम चरण में सजाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरान वे पलामू जिले को कई नई सौगातें देने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री दर्जनभर से अधिक विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें ग्रामीण सड़क निर्माण, पेयजल सुविधा विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी परियोजनाएँ, सामुदायिक भवन तथा कृषि–सिंचाई से संबंधित योजनाएँ प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभुकों को जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत ऋण, स्वीकृति पत्र, परिसंपत्तियाँ और विभिन्न प्रमाणपत्रों का वितरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित होने वाले इस वितरण समारोह को जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति का एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को लाभुकों की सूची और सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने का निर्देश दिया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू ढंग से संपन्न हो सके।जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर पूरे कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कराई जाएगी।
इसके लिए प्रखंड के सभी पंचायत भवनों में एलईडी स्क्रीन और इंटरनेट सुविधा की व्यवस्था की गई है, ताकि ग्रामीण अपने गांव में बैठकर मुख्यमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम की सभी गतिविधियाँ सीधे देख सकें।मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट के कई मंत्री, विधायक, सांसद, जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने पूरे मार्ग और स्थल पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि योजनाओं का सीधा लाभ मिलने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। प्रशासन का दावा है कि यह कार्यक्रम न केवल योजनाओं को धरातल पर उतारने में मदद करेगा, बल्कि लोगों की समस्याएँ सुनकर उनका त्वरित समाधान देने का भी प्रभावी माध्यम बनेगा।


