धनबाद/कतरास: झीझीपहाड़ी पंचायत क्षेत्र में बढ़ते अवैध कोयला खनन को रोकने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने पंचायत बचाओ अभियान के तहत पंचायत समिति सदस्य संजू देवी के आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से धनबाद सांसद ढुलू महतो के बड़े भाई तथा यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन कतरास के सचिव लक्ष्मण महतो उपस्थित रहे।ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत के आसपास अवैध कोयला कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे बुट्टू बाबू बंगला क्षेत्र में हुई भूधंसान जैसी घटना की पुनरावृत्ति का खतरा झीझीपहाड़ी में भी मंडरा रहा है।
उनका कहना था कि इसी आशंका को देखते हुए जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अर्जुन महतो ने आरोप लगाया कि जलावन के लिए कोयला लेने जाने वाले ग्रामीणों से अवैध डिपो संचालक के गुर्गे जबरन कोयला छीन लेते हैं। शिकायत के बाद भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई, तो थाना परिसर के पास धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।यूनियन सचिव लक्ष्मण महतो ने कहा कि अवैध खनन से पूरे कतरास क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने इसके लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन, बीसीसीएल प्रबंधन और CISF को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि झीझीपहाड़ी पंचायत को अवैध कारोबारियों का नया निशाना बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर एरिया ऑफिस का घेराव करने की घोषणा भी की गई।प्रेस वार्ता में बाघमारा प्रखंड प्रतिनिधि बैजनाथ प्रसाद, उप प्रमुख रंजीत कुमार, पंचायत समिति सदस्य संजू देवी, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष भरत शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की कंचन चौरसिया, मंडल उपाध्यक्ष कुंदन सिंह, अभय महतो, अर्जुन महतो, मंगरू यादव, रंजीत यादव, छोटू टूरी, बंटी शर्मा, प्रकाश कुमार, राजेश सिंह, संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


