ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

धनबाद जेल: न्यायाधीश के निरीक्षण में खुली बदहाल व्यवस्था की पोल

रांची: धनबाद के जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने 26 सितंबर 2025 को मंडल कारा धनबाद का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में मिले तथ्यों से उन्होंने जेल प्रशासन को अवगत कराया है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि मंडल कारा धनबाद में दिसंबर 2023 से अधीक्षक का पद रिक्त पड़ा है ।

जिला प्रशासन के एक दंडाधिकारी के पास वर्तमान में मंडल कारा धनबाद के अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार है। नियमित अधीक्षक नहीं होने के चलते जेल की प्रशासनिक व्यवस्था से लेकर प्रबंधन की स्थिति बेहद खराब है।

अपनी रिपोर्ट में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने लिखा है कि जेल परिसर का मुख्य दरवाजा जीर्णशीर्ण हालत में था, टाइल्स उखड़े व टूटे हुए थे, जिन्हें बदलने की जरूरत है। संतरी पोस्ट खराब स्थिति में है। विजिटर रूम की व्यवस्था जर्जर है। वह बहुत छोटा है और अस्थाई रूप से कपड़ों से किसी तरह विजिटर रूम बनाया गया है।

जेल का नाला खुला था, वहां से दुर्गंध आ रही थी। उसे कवर करने व नाले में कीटनाशक के छिड़काव की आवश्यकता है। नालों के मरम्मत की भी आवश्यकता है। साफ-सफाई आवश्यक है। जेल के भीतर ब्लाक ए व ब्लाक बी के कुछ शौचालय बने हैं और कुछ बनने वाले हैं।

महिला सेल के शौचालय, बाथरूम, चापानल की मरम्मती की आवश्यकता है। जांच में किचन सही हालत में नहीं मिला। रोटी मेकिंग मशीन भी सही हालत में नहीं था। उसकी मरम्मती की आवश्यकता है।

जेल परिसर में कुछ भवन बंद मिले, जिन्हें ध्वस्त करने की आवश्यकता है। जेल के बड़े भूखंड को कृषि कार्य में उपयोग में लाया जा सकता है। एक मिनी ट्रैक्टर व एक घास काटने की मशीन की आवश्यकता है। वाटर कूलर सभी इकाइयों में है। इसकी सफाई व मरम्मत आवश्यक है।

स्वीकृत पद 90 के विरुद्ध केवल 33 ही कार्यरत

निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पाया कि मंडल कारा धनबाद में कुल स्वीकृत पद 90 हैं। इनमें केवल 33 ही कार्यरत हैं। इस जेल में रिक्त पदों की संख्या 57 हैं। कक्षपाल के कुल स्वीकृत पद 51 हैं, जिनमें केवल चार ही कार्यरत हैं। अब भी 47 पद रिक्त पड़े हैं।

कक्षपाल की कमी को पूरा करने के लिए 12 भूतपूर्व सैनिक कक्षपाल की ड्यूटी कर रहे हैं। ये संविदा पर कार्यरत हैं। इनके अलावा 12 पुरुष गृह रक्षक व पांच महिला गृह रक्षक कक्षपाल के रूप में वहां तैनात हैं।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.