लातेहार : भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एसीबी की टीम ने शनिवार को लातेहार जिला परिषद के बड़ा बाबू संतोष सिंह को 65,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही जिला परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, बड़ा बाबू संतोष सिंह किसी फाइल के निपटारे और भुगतान के एवज में घूस की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजना बनाकर यह कार्रवाई की और उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम संतोष सिंह को अपने साथ पलामू ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ हो रही है।
इसके अलावा जपला और रांची में स्थित उसके आवासों पर भी छापेमारी की जा रही है। छापेमारी में कई अहम दस्तावेज और संपत्ति से जुड़ी जानकारियां मिलने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई से हड़कंप है और इसे भ्रष्टाचार पर एसीबी की सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।


