
रांची: राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर कड़ा अभियान चलाया। 26 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2025 तक चले इस विशेष अभियान में नियम तोड़ने वाले कुल 1351 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, अभियान के दौरान सबसे अधिक मामले नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने से जुड़े रहे। इस श्रेणी में 1162 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न लगाने पर 35, काला शीशा लगाने पर 19, सूचक बोर्ड या फ्लैग लगे वाहनों पर 12, साइलेंसर रहित वाहनों पर 3, लाइट फिक्स्चर उल्लंघन पर 47, रॉन्ग साइड चलाने पर 17, ड्रंक ड्राइविंग के 8, तीन सवारी में परिचालन के 29, और नंबर प्लेट में छेड़छाड़ के 16 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं 5 वाहनों को टो कर यातायात नियंत्रण कक्ष लाया गया।
यातायात अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से पार्किंग न करें। केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत पार्किंग या किसी भी तरह के यातायात नियम उल्लंघन की स्थिति में मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस की ओर से यह भी चेतावनी दी गई है कि अवैध पार्किंग पाए जाने पर वाहन को तुरंत उठाकर ट्रैफिक नियंत्रण कक्ष भेजा जाएगा, और उसका चालान काटा जाएगा।
अधीक्षक ने कहा, “शहर के नागरिकों से हमारा अनुरोध है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।”
