देवघर: राज्य में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। धान की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसी नुकसान का आकलन करने के लिए झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शनिवार को देवघर पहुंचीं।
उन्होंने सरवा प्रखंड के जियाखाड़ा गांव में अधिकारियों के साथ खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे बातचीत की। निरीक्षण के बाद मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट में करीब 25% फसल नुकसान की बात सामने आई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति और गंभीर है।
“ग्राउंड जीरो पर देखने के बाद लग रहा है कि नुकसान का आंकड़ा 40% से अधिक हो सकता है, और आने वाले दिनों में यह और बढ़ सकता है,” उन्होंने कहा। शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि जिन किसानों को नुकसान हुआ है, उन्हें बिरसा फसल बीमा योजना और आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मुआवजा दिया जाएगा।
सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसानों के नुकसान का त्वरित आकलन कर रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजें।उन्होंने कहा, “आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से प्रति एकड़ ₹3000 का मुआवजा दिया जा रहा है। जो किसान बिरसा फसल बीमा योजना में पंजीकृत नहीं हैं, वे यह राशि आपदा प्रबंधन के तहत प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं, बीमा योजना में शामिल किसानों को जांच के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।”मंत्री ने इसे एक प्राकृतिक आपदा बताते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है ताकि किसी भी किसान को नुकसान की भरपाई के बिना न रहना पड़े


