रांची: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले में अब जांच की आंच अब साहब जी तक पहुंच चुकी है। एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने बुधवार को उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया, जहां उनसे घंटों तक सवाल-जवाब हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, साहब जी के कार्यकाल में उत्पाद विभाग में दर्जनों एफआईआर दर्ज हुई थीं, लेकिन बाद में अधिकांश मामलों को दबा दिया गया। विभाग के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि साहब जी का रीजन “सबसे सक्रिय” माना जाता था, जहां एक ओर अवैध शराब पर दिखावटी कार्रवाई होती थी, तो दूसरी ओर उन्हीं मामलों को बाद में “सुलझा” दिया जाता था।कहा जा रहा है कि साहब जी के कार्यकाल में ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर ठेकों तक में भारी गड़बड़ी की गई। निलंबित अधिकारियों की भी पोस्टिंग नियम तोड़कर करा दी गई।
यहां तक कि चुनाव आयोग के निर्देश को भी दरकिनार करते हुए एक निलंबित सहायक उत्पाद आयुक्त को दो महीने के भीतर मलाईदार पद पर भेज दिया गया।
सूत्र बताते हैं कि साहब जी ने विभाग में एक “रेट सिस्टम” तय किया था — किसे कितना देना है और किस एजेंसी को कितना फायदा पहुंचाना है, इसकी पूरी व्यवस्था मीटिंग में रात-रात भर तय होती थी।
एसीबी की जांच में सामने आया है कि मेसर्स मार्शन इनोवेटिव सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स विजन हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज जैसी कंपनियों ने फर्जी बैंक गारंटी के जरिए 2023 में काम शुरू किया, जिससे सरकार को 38 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व नुकसान हुआ।
वहीं छत्तीसगढ़ की दो कंपनियों – दीशिता वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और ओम साईं विबरेजेज प्राइवेट लिमिटेड को बिना मंत्री की जानकारी के 11 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया, जबकि इन कंपनियों पर 450 करोड़ रुपये का बकाया था। यह भुगतान भी साहब जी के सचिव रहते ही हुआ।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, साहब जी अपने साथ पुराने दो भरोसेमंद कर्मचारियों को भी उत्पाद विभाग में लेकर आए थे। दोनों आज भी वहीं कार्यरत हैं और साहब जी से लगातार संपर्क में हैं। यही वजह है कि विभाग के अंदर की सूचनाएं अब एसीबी तक पहुंचने लगी हैं।
सूत्र बताते हैं कि तत्कालीन उत्पाद मंत्री ने साहब जी के “कारनामों” की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी, जिसके बाद उनका तबादला हुआ। अब एसीबी ने उनके कार्यकाल से जुड़े सभी पुराने मामलों की फाइलें खोल दी हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि किन निर्देशों पर एफआईआर वापस ली गईं और किन लोगों ने इसमें भूमिका निभाई।

