जमशेदपुर (चांडिल): जमशेदपुर जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कांदरबेड़ा और शहरबेड़ा के बीच स्वर्णरेखा नदी में डिमना के तीन श्रद्धालु डूब गए। इनमें से दो की मौत हो गई है, जबकि एक युवक अब भी लापता है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शहरबेड़ा के सामने विश्वास भट्टा के पास नए बनाए गए छठ घाट पर हुआ। श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे थे। इसी दौरान 10 वर्षीय आर्यन यादव नदी के गहरे हिस्से में चला गया। उसे बचाने के लिए संजय सिंह (45 वर्ष) और प्रतीक कुमार (19 वर्ष) भी नदी में कूद गए, लेकिन तीनों पानी की तेज धारा में डूब गए।
घटना के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर चांडिल थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से आर्यन यादव को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार सुबह गोताखोरों ने संजय सिंह का शव बरामद किया, जबकि प्रतीक कुमार का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश में एनडीआरएफ की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विश्वास भट्टा के सामने इस बार नया छठ घाट बनाया गया था, जो प्रशासन की स्वीकृत सूची में शामिल नहीं था। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बालू उत्खनन के कारण नदी का तल काफी गहरा हो गया है, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में मातम छाया हुआ है।


