रांची :संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को अभियान के आइजी डॉ. माइकल राज एस ने छह जिलों के एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के एसपी ऋषभ कुमार झा भी मौजूद रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में रांची और धनबाद के एसएसपी के साथ-साथ रामगढ़, पलामू, हजारीबाग और चतरा के एसपी शामिल हुए।
डॉ. माइकल राज एस ने बैठक में निर्देश दिया कि संगठित आपराधिक गिरोहों के सरगना और सदस्यों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण तभी संभव है जब जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। आइजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ आवश्यक साक्ष्य जुटाकर क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जमानत पर छूटे अपराधियों के जमानतदारों का भी सत्यापन किया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति अपराधियों को संरक्षण न दे सके। साथ ही, आइजी ने संगठित गिरोहों के फरार सदस्यों की हर हाल में गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और गिरोह के सरगना द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
आइजी अभियान डॉ. माइकल राज एस ने कहा संगठित अपराध के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम हो रहा है। पुलिस की सख्त कार्रवाई से ही अपराधियों में कानून का भय कायम होगा।
