लातेहार : जिले में साइबर ठगों की एक नई करतूत सामने आई है। फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम से लोगों से मदद और रुपए की मांग की जा रही है। ठगों ने इस व्हाट्सएप अकाउंट की प्रोफाइल फोटो में उपायुक्त की असली तस्वीर लगाई है, ताकि लोग भ्रमित होकर पैसे भेज दें। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता या रुपए की मांग नहीं की जाती।
डीसी ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को इस तरह का संदिग्ध मैसेज या कॉल प्राप्त हो, तो वह किसी भी स्थिति में पैसे न भेजें और तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन या नजदीकी थाना को दें। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साइबर सेल की मदद से फर्जी अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने नागरिकों से आग्रह किया कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध लिंक या नंबर पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी और जागरूकता ही ऐसे साइबर फर्जीवाड़े से बचने का सबसे बड़ा उपाय मानें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
