
चाईबासा: झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता की विदेशी ‘ग्लाक पिस्टल’ इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। राज्य सरकार ने सुरक्षा समीक्षा के तहत उनकी यह अत्याधुनिक पिस्टल जब्त कर राजकीय शस्त्रागार में जमा करा दी है।
जानकारी के अनुसार, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से 6 मार्च 2025 को जारी आदेश के तहत, पूर्वी सिंहभूम जिले में ग्लाक पिस्टल रखने वालों की सूची तैयार की गई थी। इस सूची में केवल कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता का नाम शामिल था।
विभागीय आदेश के अनुसार, बन्ना गुप्ता के दो हथियारों में से एक 0.45 बोर की ग्लाक पिस्टल को राजकीय शस्त्रागार में जमा कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद संबंधित थाना द्वारा कार्रवाई कर पिस्टल सरकार के पास जमा करा दी गई।
विदेशी हथियारों की सरकार कर रही समीक्षा
सरकार ने हाल के महीनों में निजी हाथों में मौजूद आधुनिक विदेशी हथियारों की समीक्षा शुरू की है। इस अभियान के तहत ग्लाक समेत अन्य उच्च क्षमता वाले हथियारों को अस्थायी रूप से सरकारी शस्त्रागार में जमा कराया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि यह कदम सुरक्षा और निगरानी की दृष्टि से उठाया गया है, ताकि अत्याधुनिक हथियारों के दुरुपयोग की संभावना को रोका जा सके।
18 लाख की है पिस्टल की कीमत
सूत्रों के अनुसार, बन्ना गुप्ता ने वर्ष 2022-23 में कोलकाता से यह आधुनिक ग्लाक पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ग्लाक पिस्टल विश्व की सबसे उन्नत पिस्तौलों में से एक है, जिसकी कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जाती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 0.45 बोर की यह पिस्टल सामान्य नागरिकों के लिए प्रतिबंधित श्रेणी में आती है। झारखंड में गिने-चुने लोगों को ही इसका लाइसेंस प्राप्त है, जबकि आम नागरिकों को केवल 0.32 बोर तक की पिस्टल रखने की अनुमति होती है।

