मेदनीनगर: जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कादल कुर्मी गांव के पराही टोला में नेटवर्क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार की रात गुस्से में मोबाइल टावर को ही आग के हवाले कर दिया. यह मामला गुरुवार को सामने आया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार पराही टोला में करीब एक वर्ष पूर्व सरकारी क्षेत्र की एक मोबाइल कंपनी ने नेटवर्क सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से टावर स्थापित किया था.ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया था कि जल्द ही उनके क्षेत्र में नेटवर्क सुचारू रूप से काम करेगा. इस भरोसे के आधार पर स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में उसी कंपनी के सिम कार्ड भी खरीदे.
हालांकि, एक साल बीत जाने के बाद भी मोबाइल नेटवर्क में कोई सुधार नहीं हुआ. लगातार नेटवर्क बाधित रहने और मोबाइल सिग्नल न मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई. इसी आक्रोश में बुधवार रात कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल टावर में आग लगा दी.घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.उन्होंने बताया कि मोबाइल टावर कंपनी की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन पुलिस को नहीं मिला है.
कंपनी के अधिकारियों ने प्रारंभिक बातचीत में बताया है कि वे पहले यह जांच करेंगे कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या मानव जनित कारणों से, इसके बाद ही वे औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे.गौरतलब है कि जिस इलाके में यह टावर लगा था, वह अत्यंत दुर्गम और जंगली क्षेत्र है, जहाँ मोबाइल नेटवर्क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है.ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जब नेटवर्क चालू नहीं हुआ, तो उनका धैर्य जवाब दे गया.


