ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

नक्सल और साइबर अपराध पर झारखंड पुलिस की करारी चोट, 266 नक्सली गिरफ्तार, 32 ढेर

रांची : झारखंड पुलिस ने वर्ष 2025 में नक्सल उन्मूलन और साइबर अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष रूप से जनवरी से सितंबर तक चले नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को तगड़ा झटका दिया है। वहीं अगस्त-सितंबर में साइबर अपराध और आम आपराधिक घटनाओं पर भी प्रभावी कार्रवाई की गई। मंगलवार को झारखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी अभियान माईकल राज एस ने इन उपलब्धियों की जानकारी दी।

नक्सल ऑपरेशन में भारी बरामदगी, इनामी नक्सली ढेर

आईजी ने बताया कि जनवरी से सितंबर 2025 तक के अभियान में पुलिस ने कुल 157 हथियार बरामद किए, जिनमें से 58 हथियार पुलिस से लूटे गए थे। इसके अलावा 11,950 जिंदा कारतूस ,18,884 डेटोनेटर, 394.5 किलोग्राम विस्फोटक और 39.53 लाख रुपये लेवी की रकम बरामद की गई। पुलिस ने नक्सलियों द्वारा बिछाए गए 228 आईईडी को निष्क्रिय किया और 37 बंकरों को ध्वस्त किया। इस अभियान में 266 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 32 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए। मारे गए नक्सलियों में दो एक करोड़ के इनामी सेंट्रल कमिटी सदस्य विवेक उर्फ प्रयाग मांझी और अनुज उर्फ सहदेव सोरेन शामिल थे। साथ ही, 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर साहेब राम मांझी उर्फ राहुल भी मुठभेड़ में मारा गया।

साइबर अपराधियों पर शिकंजा, 105 गिरफ्तार

अगस्त और सितंबर महीने के दौरान 128 साइबर अपराध मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 105 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 139 मोबाइल फोन, 166 सिम कार्ड ,60 एटीएम कार्ड और 2.81 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

आपराधिक वारंट निष्पादन और गिरफ्तारियां

राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 12,651 वारंट निष्पादित किए गए तो वही 4,186 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 413 वाहन, 136 अवैध हथियार और 1221 गोलियां जब्त की गईं।अंतरराष्ट्रीय अपराधी भारत लाया गया । अमन साहू गिरोह से जुड़े कुख्यात अपराधी सुनील कुमार उर्फ सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह को अजरबैजान से प्रत्यर्पण कर भारत लाया गया।

कट्टरपंथी गतिविधियों पर भी कार्रवाई

रांची में एक कट्टरपंथी संगठन से जुड़े व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध हथियार और रसायन बरामद किए गए। रामगढ़ डकैती कांड में चार अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। खूंटी जिले में 838.33 किलोग्राम डोडा और रांची में 3.25 लाख रुपये के जाली नोट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए गए। आईजी माईकल राज एस ने कहा कि राज्य में अपराध और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की रणनीतिक कार्रवाई से नक्सलियों और साइबर अपराधियों की कमर टूट रही है।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.