धनबाद के तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजगंज में मंगलवार सुबह पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक अपराधी भानु मांझी को गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के सदस्य किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर एसएसपी ने एक विशेष टीम गठित कर राजगंज भेजा। पुलिस टीम के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद मौके पर एसएसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है।


