रांची : आगामी दीपावली एवं छठ पर्व सहित अन्य महत्वपूर्ण त्योहारों को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा होमगार्ड नियुक्ति हेतु प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा के सफल आयोजन के उद्देश्य से शनिवार को रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों की इस बैठक में वरीय पुलिसअधीक्षक राकेश रंजन पर जिला दण्डाधिकारी रांची राजेश्वर नाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक (होमगार्ड) तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में यह तय किया गया कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान भीड़-भाड़ वाले बाजारों, पूजा स्थलों एवं जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम करने पर बल दिया गया। साथ ही, सभी विभागों को चौकसी बढ़ाने और इंटेलिजेंस नेटवर्क को सक्रिय रखने को कहा गया।
बैठक में होमगार्ड नियुक्ति हेतु आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा के सफल संचालन पर भी चर्चा हुई। निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सीय सहायता, पेयजल, शेड एवं अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास की उचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, पारदर्शिता और अनुशासन को प्राथमिकता दी जाए।
अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे मिलजुल कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें ताकि रांची जिले में सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सकें।


