जामताड़ा : ज़िले के एक जमीन विवाद ने तूल पकड़ लिया है, जब राजबाड़ी निवासी नन्दगोपाल सिंह ने संथाल परगना प्रमंडल के पुलिस महानिदेशक को एक लिखित आवेदन देकर मौजा किनुडीह नं. 11, जमाबंदी नं. 55 की जमीन पर फर्जी कागजातों के आधार पर कब्जा किए जाने की शिकायत की है।
श्री सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि यह जमीन पहले ठाकुर मधुसूदन सिंह एवं नरसिंह नन्दी चरण चौधरी के नाम पर बकास्त मोकररीदार श्रेणी में दर्ज थी, जो जमींदारी उन्मूलन के बाद से ठाकुर मधुसूदन सिंह के वंशजों द्वारा लगातार भोगदखल में रही है।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया है कि ग्राम बेवा, धनबाद के कुछ दबंग रैयतों और उनके वारिसों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। आवेदन में जिन 19 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, उनके बारे में आरोप है कि वे प्रभावशाली और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोग हैं, जिनकी पहुँच बड़े नेताओं तक है।
पीड़ित नन्दगोपाल सिंह ने बताया कि जब उन्होंने संबंधित लोगों से जमीन खाली करने का आग्रह किया, तो उल्टा धमकी मिली। अब उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि अवैध कब्जाधारियों से उक्त जमीन को मुक्त कराया जाए और वास्तविक वंशजों को सौंपा जाए।


