ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

हवाई अड्डा से प्रभावित मीट मुर्गा दुकानदारों की हुई बैठक

बोकारो : बुधवार को स्थानीय सेक्टर 12 मोड़ पर बोकारो हवाई अड्डा से प्रभावित मीट-मुर्गा दुकानदारों की बैठक झुग्गी झोंपड़ी वासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ के बैनर तले रखी गयी। बैठक में हवाई अड्डा के प्रचालन को लेकर मीट-मुर्गा दुकानदारों को जिला प्रशासन द्वारा हटाने के आदेश पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के संरक्षक सह आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने की। संचालन महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष सह खिदमत फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय रजक ने किया। मौके पर महासंघ के संरक्षक कुमार राकेश ने कहा कि झुग्गी-झोंपडी वासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ कभी भी बोकारो के विकास और हवाई अड्डा का विरोधी नहीं रहा है। पहले भी कई बार जिला प्रशासन और सेल प्रबंधन को मांगपत्र सौंप कर लगभग 50 वर्षों से रोजगार कर रहे मीट दुकानदारों के उचित स्थान पर पुनर्वास की मांग की गयी है। महासंघ के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा ने प्रशासन से दुकानदारों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का निवेदन किया. महासंघ के स्थानीय शाखा अध्यक्ष बिनोद महतो ने कहा कि उनका पूरा परिवार इसी दुकान पर आश्रित है। पहले उचित स्थान पर पुनर्वासित किया जाय, तभी उजाड़ा जाय। बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित कर गुरुवार को उपायुक्त बोकारो को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। पारित प्रस्तावों में पथ विक्रेता अधिनियम 2014 के तहत दुंदीबाद और सेक्टर 12 मोड़ के सभी मीट-मुर्गा दुकानों को पुनर्वासित करने, दुग्गल गेट के समीप खाली स्थान पर पुनर्वासित करने, सेल प्रबंधन से बात कर सेक्टर पांच हटिया की तरह चबूतरा बनाकर आंवटन, बिजली-पानी की सुविधाजनक व्यवस्था करने, जिला प्रशासन द्वारा सभी दुकानदारों को मीट-लाईसेंस प्रदान करने, हवाई अड्डा चाहरदीवारी से सटे झुग्गीवासियों को अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य गरीब बेघरों के शहरी भूमिहीन कानून के तहत पुनर्वासित करने आदि मांगे शामिल हैं। कार्यक्रम में उपस्थित दुकानदारों में कैलाश महतो, सत्येंद्र ठाकुर, संतोष कुमार मेहता, कारू महतो, बहादुर महतो, कपिल महतो, रोहित गुप्ता, प्रदीप कुमार, मुकेश महतो, सुजीत कुमार, लखन महतो, प्रकाश महतो, राजेन्द्र महतो, अजय कुमार, मनोहर महतो, जितेंद्र मेहता, कुलदीप कुमार, गणेश मेहता, तालेश्वर महतो, राजा, विक्रम मेहता, दिलेश्वर कुमार , सोनू मेहता सहित अन्य उपस्थित थे।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.