बोकारो: शहर के को-ऑपरेटिव कॉलोनी में धड़ल्ले से चल रहे अवैध देह व्यापार का बोकारो पुलिस ने भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने प्लॉट नंबर 155 से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं शनि कुमार (26 वर्ष) और निखत परवीन (26 वर्ष), जो कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष दल ने छापा मारा। पूछताछ के दौरान शनि कुमार ने बताया कि वह कोलकाता से महिलाओं को बुलाकर अपने किराए के मकान में देह व्यापार करवाता था। निखत परवीन इस धंधे में महिलाओं की व्यवस्था करने में शामिल थी।पुलिस ने घटनास्थल से आपत्तिजनक सामान भी जप्त किया है, जिसमें विभिन्न ब्रांड के कंडोम और एक सैमसंग मोबाइल फोन शामिल हैं। इस मामले में बी.एस.सीटी थाने में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि शहर को अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।


