धनबाद : कोयलांचल क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले जब जिले में केवल एक एसपी हुआ करते थे, तब अपराध का ग्राफ अपेक्षाकृत कम था। लेकिन अब वरीय एसएसपी, ग्रामीण एसपी और सिटी एसपी की तैनाती के बावजूद अपराध कम होने के बजाय और बढ़ गए हैं। अपराधी अब दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने से भी नहीं हिचकते। पुलिस की मौजूदगी में गोली, बम और पत्थरबाजी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, जहां पुलिस मूकदर्शक बनकर रह गई। बाद में केवल प्राथमिकी दर्ज कर खानापूर्ति कर दी जाती है। इसी बीच एक वायरल वीडियो ने सनसनी फैला दी है। इसमें एक युवक खुले स्थान पर बम फोड़ता दिख रहा है, जबकि दूसरा युवक उसका वीडियो बना रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो धनबाद जिले के बाघमारा अनुमंडल के बरोरा थाना क्षेत्र स्थित मंदरा पंचायत के खोखीबीघा बस्ती का है। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने प्रशासन से वीडियो की जांच कराने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। जानकारी यह भी मिली है कि ऐसे आपराधिक तत्व अक्सर खुद से बम बनाते हैं और समय-समय पर बड़ी वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाते रहते हैं।


