ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

दुर्गा पूजा पंडाल या चर्च? रांची में नया विवाद, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

रांची: राजधानी रांची के रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब का दुर्गा पूजा पंडाल इस बार खास आकर्षण के साथ ही विवाद का भी केंद्र बन गया है। क्लब ने इस बार पंडाल को इटली के रोम स्थित वेटिकन संग्रहालय की थीम पर तैयार कराया है। भव्यता और अलग पहचान बनाने की कोशिश ने जहां पंडाल को चर्चा का विषय बना दिया, वहीं इसकी थीम को लेकर कई हिंदू संगठनों ने कड़ा एतराज जताया है।

धार्मिक भावनाओं को ठेस का आरोप

विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच और जनजाति सुरक्षा मंच सहित कई संगठनों ने कहा है कि दुर्गा पूजा पंडाल को चर्च का रूप देना हिंदू आस्था से खिलवाड़ है। वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि यह पंडाल “धर्मांतरण को बढ़ावा देने का प्रयास” है और इसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।

विरोध और बैठक की तैयारी

हिंदू जागरण मंच के प्रांत संयोजक विक्रम शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस थीम का विरोध जारी रहेगा। संगठन से जुड़े सुजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने पहले आयोजकों को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन जब बात नहीं बनी तो अब विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाई जा रही है। इस मुद्दे पर विभिन्न सामाजिक संगठनों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है।

आयोजकों का पक्ष

आरआर स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष राहुल यादव ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि पंडाल पूरी तरह पर्यावरण-अनुकूल है और इसका मकसद सिर्फ भव्यता और नयापन दिखाना है। “किसी भी धर्म या आस्था को ठेस पहुंचाना हमारा इरादा नहीं था,” उन्होंने कहा।

पंडाल की विशेषताएं

लगभग 85 लाख रुपये की लागत से बने इस पंडाल की लंबाई 100 फीट और चौड़ाई 45 फीट है। इसके निर्माण में 70–80 कारीगरों ने दिन-रात मेहनत की। पंडाल को सजाने के लिए अत्याधुनिक लाइटिंग और आकर्षक सजावट की गई है। इसके आसपास खाने-पीने के कई स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिससे यह पूजा पंडाल शहर के प्रमुख आकर्षणों में से एक बन गया है।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.