रांची: भाकपा (माओवादी) संगठन ने 11 पन्नों का बुकलेट जारी कर दावा किया है कि लंबे समय बाद उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। माओवादी संगठन ने अपना 21वां स्थापना वार्षिकोत्सव 21 से 27 सितंबर तक मनाने की घोषणा की है। संगठन ने इसके लिए 11 पन्नों का बुकलेट जारी कर जनता से “क्रांतिकारी उत्सव” मनाने की अपील की है । बुकलेट में माओवादियों ने स्वीकार किया है कि हाल के दिनों में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में संगठन को भारी क्षति हुई है। कई बड़े नेता और कैडर मारे गए हैं, जबकि हथियार और गोला-बारूद भी जब्त हुए हैं। इसी दौरान संगठन ने समर्थकों से अपील की है कि वे स्थापना सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करें और इसे “शक्ति प्रदर्शन” के रूप में मनाएं। आम जनता से भी “समर्थन” जुटाने की कोशिश की गई है। बुकलेट में माओवादियों ने साफ किया है कि उनका लक्ष्य पार्टी, पीएलजीए, संयुक्त मोर्चा और क्रांतिकारी आंदोलन को बचाए रखना है। इसमें कहा गया है कि देशभर में “प्रतिरोधी प्रहार युद्ध” (काउंटर ऑपरेशन) का मुकाबला करने के लिए व्यापक जनसमुदाय को वर्ग संघर्ष और गुरिल्ला युद्ध में संगठित किया जाएगा।

माओवादियों की अपील
स्थापना सप्ताह को “क्रांतिकारी जोश” के साथ मनाने का आह्वान।
संगठन को दुश्मन (सुरक्षा बलों) के लिए अभेद बनाने की बात कही।
ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में जनसमुदाय को वर्ग संघर्ष और गुरिल्ला युद्ध में शामिल करने का आह्वान।
क्रांतिकारी आंदोलन की “पीठ” मजबूत करने और अपनी क्षमता को बढ़ाने पर जोर।

पिछले साल भी मनाया था स्थापना दिवस
बुकलेट में माओवादियों ने उल्लेख किया है कि पिछले वर्ष उन्होंने अपनी 20वीं वर्षगांठ भी “प्रतिरोधी प्रहार युद्ध” का मुकाबला करते हुए मनाई थी। इस दौरान संगठन ने अपने कैडरों और पीएलजीए बलों को आंदोलन को और मजबूत करने का संदेश दिया था।
पुलिस की तैयारी
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। 21 से 27 सितंबर तक अलर्ट जारी किया गया है। इसको लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने अपने पत्र में साफ किया है कि इस दौरान नक्सलियों और असामाजिक तत्वों की ओर से किसी भी तरह की गतिविधि तेज हो सकती है। ऐसे में सभी जिलों में विशेष गश्ती, नाकाबंदी और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। इसके अलावा त्योहारों के मद्देनज़र भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने का आदेश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने यह भी कहा है कि खुफिया तंत्र को सक्रिय रखा जाए और हर छोटी-बड़ी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाए।गौरतलब है कि हाल के दिनों में कई जिलों में नक्सली मूवमेंट की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा एजेंसियों को हर स्तर पर अलर्ट रहने को कहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


