हजारीबाग: पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भवनवे गांव में हुई 80 लाख की डकैती का पर्दाफाश कर दिया है। 13 सितंबर की रात आनंदिता मलिक के घर पर आठ डकैतों ने धावा बोलकर गहने और नकदी लूट लिए थे।गुप्त सूचना पर छापेमारीएसपी अंजनी अंजन ने बताया कि 25 सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर हत्यारी जंगल में एसआईटी ने छापेमारी की। इस दौरान मास्टरमाइंड रणबीर कुमार सिंह उर्फ छोटू को चार साथियों समेत पकड़ा गया। इनके पास से लूटे गए जेवरात और एक पिस्तौल बरामद हुई।
बाकी जेवरात और बाइक मिलीं
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आगे छापेमारी कर राजेश कुमार यादव, सुरेंद्र उरांव, विपिन कुमार सिंह, रवि राय और दिनेश कुमार यादव उर्फ सनी को गिरफ्तार किया। इनके पास से शेष गहने और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
1.1 किलो सोना, पिस्तौल और कारतूस जब्त
पुलिस ने कुल मिलाकर 1.1 किलो सोने के 131 आभूषण, 25 चांदी के सिक्के, 6 मोबाइल फोन और एक देसी पिस्तौल बरामद की। खास बात यह रही कि पिस्तौल पर ‘मेड इन जापान’ लिखा हुआ है। इसके अलावा 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस भी मिले।
पटना और रांची के अपराधी भी शामिल
गिरफ्तार अपराधियों में अधिकांश हजारीबाग जिले के रहने वाले हैं। इनमें एक आरोपी पटना का और दो रांची जिले के हैं। मास्टरमाइंड रणबीर कुमार सिंह उर्फ छोटू उर्फ जोकर का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर बड़कागांव, टाटीझरिया, कटकमदाग, विष्णुगढ़, कोर्रा और सदर थाना में सात गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

