रांची :आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस की 23 कंपनियां बिहार भेजी जाएंगी। इन पुलिस कंपनियों को बिहार पुलिस प्रशासन की मांग पर भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जानकारी के अनुसार, झारखंड से भेजी जाने वाली इन कंपनियों में जाप (झारखंड आर्म्ड पुलिस), आईआरबी और एसआईआरबी की इकाइयां शामिल हैं। ये बल चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गश्त, चेकिंग और मतदान केंद्रों की सुरक्षा में सहयोग करेंगे। वहीं दूसरी ओर, बिहार से सटे गिरिडीह, चतरा, पलामू, गोड्डा, साहेबगंज, और गढ़वा जिलों में भी पुलिस को सतर्क रहने और सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। इन क्षेत्रों में शराब, नकदी और अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए इंटर-स्टेट नाका चेकिंग तेज की जा रही है। राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सीमावर्ती थानों में अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, “बिहार चुनाव के मद्देनजर दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय से काम करेगी। सीमाओं पर संयुक्त नाका संचालन और ड्रोन निगरानी की भी योजना है।”


