ओवरलोडिंग से पलटी नाव, 25-30 लोग थे सवार; कई अब भी लापता, गोताखोरों की टीम जुटी
वृंदावन/मथुरा। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बताया जा रहा है कि नाव पर करीब 25 से 30 लोग सवार थे, जिनमें से कई अब भी लापता हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु यमुना नदी में दर्शन और भ्रमण के लिए नाव पर सवार हुए थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। नदी में गोताखोरों की टीम उतारी गई है, जो लापता लोगों की तलाश में जुटी है। कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य की खोज जारी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और जिला प्रशासन को लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही, सभी आवश्यक संसाधन मौके पर उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि राहत कार्य में तेजी लाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया हाथ
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का सहयोग किया। कई लोगों ने अपने स्तर पर नदी में उतरकर फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में मदद की।
जांच के आदेश, जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज
प्रशासन ने हादसे की जांच के संकेत दिए हैं। ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
