धनबाद: रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बुटू बाबू बंगला के समीप मुंडा धौड़ा में शुक्रवार को भीषण भूधसान की घटना सामने आई. इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक घर पूरी तरह धँस गए. आशंका है कि कई लोग और मवेशी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं .जानकारी के अनुसार प्रभावित इलाके में आउटसोर्सिंग खनन कार्य जारी था. खदान की कमजोर ज़मीन अचानक धंस गई जिससे बड़ा हिस्सा प्रभावित हो गया.स्थानीय ग्रामीणों ने मलबे में फँसे लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज करने की मांग की है .सूचना मिलते ही बीसीसीएल के अधिकारी, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ की टीमें मौके पर पहुँच गई है .वहीं घटनास्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं. घटना के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंडा धौड़ा के कई परिवारों ने अपने घर खाली कर दिए और आवश्यक सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए.स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से हो रहे कोयला खनन के कारण ज़मीन अंदर से खोखली हो चुकी है जिसके चलते यह हादसा हुआ है .फिलहाल प्रशासन ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और राहत कार्य जारी है.


